गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने हाजी अली दरगाह और महालक्ष्मी मंदिर में किए दर्शन, झारखंड में महिला हॉस्टलों की जरूरत पर जोर
मुंबई: झारखंड की प्रथम महिला कल्पना मुर्मू सोरेन ने मुंबई दौरे पर सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध हाजी अली दरगाह में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की और झारखंडवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
दर्शन के बाद कल्पना सोरेन ने मुंबई में सरकार के सहयोग से संचालित महिला हॉस्टलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यरत महिलाओं और दूर से पढ़ाई कर रही छात्राओं से मुलाकात की तथा हॉस्टलों के संचालन तंत्र को समझा। इस अनुभव को उन्होंने “अत्यंत प्रेरणादायक” बताया।
महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास की जरूरत
कल्पना सोरेन ने कहा कि बढ़ती महंगाई, सुरक्षित आवास की चुनौती और परिवार से दूर रहने की परिस्थितियों के बीच मुंबई के ये महिला हॉस्टल हजारों महिलाओं और छात्राओं के लिए संबल का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मुंबई में पिछले कुछ वर्षों में महिला हॉस्टलों के क्षेत्र में हुई सकारात्मक पहलों की सराहना की। सोरेन ने जोर देते हुए कहा कि झारखंड जैसे राज्यों में उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के लिए घर से दूर रह रही बेटियों व महिलाओं के लिए सुरक्षित, सस्ती और सुव्यवस्थित हॉस्टलों की अत्यंत आवश्यकता है।उन्होंने अपील की कि “सरकार, सामाजिक संस्थाएं एवं उद्योग समूह मिलकर सुरक्षित महिला हॉस्टलों का नेटवर्क विकसित करें, तो यह महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।”
इसे भी पढ़े : खूंटी ट्रेजरी घोटाला: 22.69 लाख के गबन मामले में लेखपाल और शुभम कुमार पर FIR दर्ज
















