घाटशिला उपचुनाव: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के लिए किया प्रचार, विपक्ष पर बोला तीखा हमला
घाटशिला उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रचार अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कर दी है। सोमवार को घाटशिला में आयोजित जनसभाओं में मुख्यमंत्री ने झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झामुमो सदैव आदिवासी समाज की अस्मिता, हक और अधिकारों के लिए संघर्षरत रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल, विशेषकर भाजपा, हमेशा दलित-आदिवासी समाज को दबाने का काम करते रहे हैं।
हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा, “मुझपर गलत आरोप लगाकर मुझे जेल में डाल दिया गया। इसके बावजूद हमने जनता की आवाज को दबने नहीं दिया। मैंने अपने चाचा चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन वे भाजपा में चले गए। किसी के जाने से झामुमो को कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि झामुमो एक विचार है, जो जनभावना से जुड़ा है।”
हेमंत सोरेन ने कहा कि जनता ने झामुमो पर हमेशा भरोसा किया है और इस उपचुनाव में भी जनादेश विकास, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के पक्ष में आएगा।
मुख्यमंत्री की जनसभा में काफी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। झामुमो के नेताओं ने कहा कि घाटशिला की जनता इस बार भी पार्टी के उम्मीदवार सोमेश सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाएगी।


















