JSCA स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बैठक

रांची: जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, धुर्वा में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला समाहरणालय में डीसी सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें मैच के दौरान संभावित भारी भीड़, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में डीसी ने अधिकारियों को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोपहर 3 बजे से दर्शकों की इंट्री शुरू होगी। इससे पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा। दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा।

जिला प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लगें। साथ ही स्टेडियम में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को लेकर प्रवेश नहीं करने की अपील की गई है। बैठक में संबंधित विभागों और जेएससीए पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हंसडीहा में बाइक लूट की कोशिश, युवक को मारी गोली, पैर में लगी गोली
दुमका: हंसडीहा थाना क्षेत्र के लकड़ाटांड़ गांव के समीप सोमवार को बाइक लूटने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने एक युवक को…

शब्बीर हत्याकांड में 19 वर्षीय फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र में जनवरी 2025 में हुए शब्बीर हत्याकांड के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे…















