bindal-mall-shootout-three-absconding-accused

बिंदल मॉल गोलीकांड: फरार तीन आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त

Share
Link copied
bindal-mall-shootout-three-absconding-accused
bindal-mall-shootout-three-absconding-accused

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का नगद इनाम रखा है। पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें जारी करते हुए आम लोगों से उनके बारे में जानकारी देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखने की बात कही गई है।

Advertisment
Advertisment

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में तीन युवकों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की थी। घटना में चार लोग घायल हुए थे। वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी।

Advertisment
Advertisment

दो आरोपियों की पहचान, तीसरा अज्ञात

पुलिस जांच में तीन युवकों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें ह्यूम पाइप, छायानगर निवासी अजित मंडल और आदर्श नगर ग्वाला बस्ती निवासी मोहन यादव की पहचान हो चुकी है। तीसरे आरोपी की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक तीनों घटना के बाद से फरार हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं। इस संबंध में सोनारी थाना कांड संख्या 80/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 111(2)(बी), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Advertisment
Advertisment

सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए प्रत्येक आरोपी पर एक-एक लाख रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के कार्यालय के मोबाइल नंबर 9431706480 पर दी जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

RKDF
advertisement

खुद पकड़ने की कोशिश न करें

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने पर स्वयं उनसे संपर्क करने या उन्हें पकड़ने का प्रयास नहीं करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आरोपी के ठिकाने की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं और गोलीबारी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।