बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की हड़ताल टली, हाई लेवल कमेटी करेगी मांगों पर मंथन; सोमवार से बैंक रहेंगे खुले

नई दिल्ली: बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को टाल दिया गया है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद आंदोलन स्थगित करने पर सहमति बनी। ऐसे में सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा।

हड़ताल टलने के पीछे बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों पर बातचीत आगे बढ़ाने की सहमति अहम मानी जा रही है। बैठक में सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक हाई लेवल कमेटी गठित करने का फैसला हुआ है। कमेटी इस व्यवस्था के अलग-अलग विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद समाधान तलाशेगी।

बैंक यूनियनें लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रही हैं। फिलहाल रविवार के अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। यूनियनों की मांग है कि बाकी दोनों शनिवार को भी अवकाश घोषित किया जाए। इस मुद्दे पर अब हाई लेवल कमेटी के स्तर पर बातचीत आगे बढ़ेगी।

बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों से जुड़ी Performance Linked Incentive (PLI) व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियनों और बैंक अधिकारियों की ओर से उठाई गई चिंताओं को ध्यान में रखते हुए इसमें बदलाव के प्रस्ताव पर आगे बातचीत करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों को भी बातचीत के जरिए सुलझाने की बात कही गई है।

प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले लगातार छुट्टियों के कारण बैंकिंग सेवाओं पर ज्यादा असर न पड़े, इसके लिए 27 सितंबर रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य रूप से संचालित किया गया। RBI ने भी बैंक शाखाओं, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को चालू रखने की अनुमति दी थी।

अब हड़ताल स्थगित होने के बाद 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंकिंग सेवाओं में प्रस्तावित व्यवधान फिलहाल टल गया है। हालांकि कर्मचारियों की मांगों का अंतिम समाधान अभी नहीं हुआ है। आगे की दिशा हाई लेवल कमेटी की चर्चा और IBA-UFBU के बीच होने वाली बातचीत से तय होगी।

हरमू में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख, प्रतुल शाहदेव ने दी आंदोलन की चेतावनी
रांची। राजधानी रांची के हरमू स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आदमकद प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने की घटना सामने…

रांची में चोरी की दो बड़ी वारदातों से दहशत, अपर बाजार में 20 लाख तो अपार्टमेंट से 36 लाख के जेवरात पार
रांची। राजधानी रांची में चोरों ने एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों में बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर…

















