डेली मार्केट में सुधार की पहल: सब्जी विक्रेताओं को शेड और सुविधाएं देने का निर्देश

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : नगर परिषद द्वारा डेली मार्केट को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। परिषद के अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ‘रिंकू’ और कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की समेत अन्य अधिकारियों ने डेली मार्केट परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से सब्जी बेचने आने वाले किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सड़क किनारे खुले में बैठकर सब्जी बेचने वाले सभी विक्रेताओं को निर्मित शेड में स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें मौसम की मार से राहत मिल सके।
अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा और उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल ‘रिंकू’ ने बाजार परिसर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शौचालय और अतिरिक्त शेड जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए।
परिषद ने डेली मार्केट में नए शेड निर्माण पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे बारिश और गर्मी के दौरान खरीदारों और विक्रेताओं दोनों को राहत मिलेगी। साथ ही, बाजार की खाली जमीनों पर दुकानें बनवाने की योजना पर भी विचार किया गया, जिससे नगर परिषद को राजस्व प्राप्त होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस पहल से स्थानीय किसानों और व्यापारियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौके पर वार्ड कमिश्नर मनोज अग्रवाल, पूर्व वार्ड कमिश्नर अजीमुल्लाह अंसारी, सहायक अभियंता रवींद्र प्रधान, चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजेश केसरी, पिंटू भारती, राकेश सरगुजा, अमित लाल सहित कई दुकानदार और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















