जमशेदपुर में अपहृत व्यवसायी पुत्र कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बोले - 'पार्टी के दबाव और आंदोलन का नतीजा'

जमशेदपुर में अपहृत व्यवसायी पुत्र कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बोले – ‘पार्टी के दबाव और आंदोलन का नतीजा’

रांची/जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने जमशेदपुर के प्रसिद्ध व्यवसायी देवांग गांधी के पुत्र कैराव गांधी की 13 दिनों बाद सकुशल बरामदगी पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे भाजपा के निरंतर दबाव, आंदोलन और राजनीतिक प्रयासों का परिणाम करार दिया।

आदित्य साहू ने कहा, “यह सुखद खबर भाजपा के आंदोलन और दबाव का सीधा परिणाम है। हमने लगातार पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाया, जिससे यह सफलता मिली।” उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चंपई सोरेन, सांसद विद्युत वरण महतो, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू सहित सभी जिलाध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया, जिन्होंने इस मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाई।

पुलिस और प्रशासन को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, “पुलिस प्रशासन बधाई के पात्र है, लेकिन भविष्य में ऐसी कोई वारदात न हो, इसे सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।” उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है, जिससे जनता का पुलिस पर भरोसा उठ रहा है।

आदित्य साहू ने झारखंड को “अपहरण, फिरौती और भ्रष्टाचार का केंद्र” बनने की ओर इशारा करते हुए कहा, “पार्टी के आंदोलन के बाद कई गरीब परिवारों के बच्चे घर लौटे। पुलिस बिना दबाव के भी यह कर सकती थी, लेकिन लगता है कि वह अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और भ्रष्ट राज्य सरकार की टूलकिट बन गई है।”

उन्होंने आगे कहा कि अभी भी कई गरीब माता-पिता अपने बच्चों की प्रतीक्षा में हैं। “लगभग 50 बच्चों की बरामदगी के बाद अन्य परिवारों में उम्मीद जागी है। पुलिस को उनके विश्वास पर खरा उतरना चाहिए।”

कैराव गांधी का अपहरण 13 जनवरी 2026 को जमशेदपुर के बिष्टुपुर सीएच एरिया से हुआ था। अपहरणकर्ताओं ने 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने बिहार और पश्चिम बंगाल में छापेमारी की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अंतरराज्यीय जांच तेज की। आखिरकार 27 जनवरी 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे कैरव को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया, जिससे पूरे शहर में राहत की सांस आई।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow