जमशेदपुर : बर्मामाइंस में युवक पर जानलेवा हमला, चापड़-चाकू और पत्थर से वार कर किया गंभीर घायल
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती कब्रिस्तान के पास देर रात कुछ अज्ञात युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने चापड़, चाकू और पत्थर से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घायल युवक की पहचान कैरिज कॉलोनी निवासी राजा कर्मकार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राजा को तत्काल सदर अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल एमजीएम अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

राजा कर्मकार की पत्नी के अनुसार, वे लोग अपनी मां के घर किश्त का पैसा लेने गए थे। इसी दौरान राजा घर के बाहर टहल रहे थे। तभी अचानक कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। पत्नी का कहना है कि परिवार का किसी के साथ कोई पुराना विवाद नहीं है, ऐसे में हमला किस वजह से किया गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने भी वारदात को लेकर चिंता जताई है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और हमलावरों की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल घायल राजा कर्मकार की हालत गंभीर बताई जा रही है और एमजीएम अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

















