जमशेदपुर : होटल में पुलिस की देर रात छापेमारी, महीनों से ठहरे लोगों से पूछताछ; दस्तावेज और मोबाइल खंगाल रही पुलिस
नीरज तिवारी
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने शहर में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के अभियान के तहत गुरुवार देर रात गोलमुरी थाना क्षेत्र के एक होटल में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में होटल में लंबे समय से ठहरे कई लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस की मौजूदगी से इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही।

पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में कुछ लोग कई महीनों से ठहरे हुए हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गोलमुरी थाना पुलिस की टीम होटल पहुंची और सभी कमरों की गहन तलाशी ली। इस दौरान ठहरे लोगों के पहचान पत्र, होटल रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद कुछ लोगों को पूछताछ के लिए गोलमुरी थाना ले जाया गया।

प्रारंभिक जांच में पूछताछ के लिए लाए गए अधिकांश लोगों के रांची निवासी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे इतने लंबे समय से जमशेदपुर में किस उद्देश्य से रह रहे थे और इस दौरान उनकी गतिविधियां क्या थीं। जांच के तहत उनके मोबाइल फोन, पहचान संबंधी दस्तावेज और आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इन लोगों का संबंध किसी आपराधिक गिरोह, नशे के कारोबार या अन्य अवैध गतिविधियों से तो नहीं है। वहीं होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है कि लंबे समय तक ठहरे लोगों का स्थानीय पुलिस सत्यापन कराया गया था या नहीं तथा होटल संचालन से जुड़े सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
पुल नहीं तो खटिया ही सहारा: सिमडेगा में शव को कंधों पर उठाकर नाला पार करने को मजबूर हुए ग्रामीण
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराधियों पर शिकंजा कसने, होटल सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ किसी अपराध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

















