झारखंड को नए रिम्स की नहीं, नए स्वास्थ्य मंत्री की जरूरत: भाजपा

झारखंड को नए रिम्स की नहीं, नए स्वास्थ्य मंत्री की जरूरत: भाजपा

Share
Link copied

रांची: झारखंड हाईकोर्ट में रिम्स से जुड़े मामले की सुनवाई के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि झारखंड को नए रिम्स भवन की नहीं, बल्कि एक ईमानदार और जिम्मेदार स्वास्थ्य मंत्री की जरूरत है। उन्होंने रिम्स निदेशक द्वारा हाईकोर्ट में दायर शपथ पत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा समय पर उपकरण खरीद की सिफारिश की जाती है, लेकिन मंत्री महीनों तक फाइलों को अपने चैंबर में रोके रखते हैं।

भाजपा ने आंकड़ों के जरिए बताया कि रिम्स ट्रॉमा सेंटर के लिए अत्याधुनिक आईसीयू बेड की खरीद से जुड़ी फाइल 150 दिनों तक लंबित रही। बच्चों के उपचार के लिए जरूरी चिल्ड्रेन सीपीआर मेकैनिक एडवांस उपकरण की फाइल 60 दिनों बाद वापस की गई। शिशु मृत्यु की खबरों के बीच नियोनेटल वेंटिलेटर की फाइल 43 दिनों तक रोकी गई। इतना ही नहीं, एमजीएम अस्पताल में आग की घटना के बाद भी रिम्स के फायर फाइटिंग सिस्टम की फाइल 50 दिनों तक अटकी रही।

अजय साह ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री का अधिकतर समय रील बनाने और अन्य मामलों में हस्तक्षेप करने में बीतता है, जबकि अपने विभाग के प्रति उनकी कोई सक्रियता नहीं दिखती। भाजपा का दावा है कि फाइलों को रोकना व्यस्तता का परिणाम नहीं, बल्कि कमीशन के खेल का हिस्सा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी तब तक फाइलों को मंजूरी नहीं देते, जब तक उनके मनपसंद वेंडर का चयन न हो जाए।

भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने झारखंड को अपना “एटीएम” बना रखा है और इसी के तहत राज्य को ऐसे भ्रष्ट मंत्री की सौगात मिली है। पार्टी ने मांग की कि झारखंड को इस समय नए रिम्स भवन से ज्यादा एक जिम्मेदार स्वास्थ्य मंत्री की जरूरत है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए तत्पर हो।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow