Jharkhand Health Department receives prestigious SKOCH Gold Award; honored at the national level for innovative initiatives.

झारखंड स्वास्थ्य विभाग को मिला प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवार्ड, नवाचार कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

Share
Link copied
Jharkhand Health Department receives prestigious SKOCH Gold Award; honored at the national level for innovative initiatives.
Jharkhand Health Department receives prestigious SKOCH Gold Award; honored at the national level for innovative initiatives.

रांची/नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट और नवोन्मेषी कार्यों के लिए एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में झारखंड स्वास्थ्य विभाग को प्रतिष्ठित SKOCH Award के अंतर्गत गोल्डन कैटेगरी में दो अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

यह सम्मान विशेष रूप से एचबीएनसी/एचबीवाईसी कार्यक्रम तथा प्रचार वाहन आधारित नवाचार (TIT – Training and Information Transport) के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली में PHD Chamber of Commerce and Industry के तत्वावधान में किया गया, जहां देश के विभिन्न राज्यों और संस्थानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच का मॉडल

झारखंड में चलाए गए प्रचार वाहन अभियान के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में 24 विषयों पर आधारित विशेष जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए गए। चार महीनों तक चले इस अभियान में प्रतिदिन वाहनों के माध्यम से प्रशिक्षकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक भेजा गया।

इस दौरान कुल 192 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए और 5,576 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और आईईसी सामग्री के सुचारु वितरण को सुनिश्चित करना रहा।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार

अभियान के तहत सहिया और स्वास्थ्य कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से एमटीसी और एसएनसीयू में रेफरल दर में 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही ‘सहिया ऐप’ और ‘शिशु पोषण ट्रैकर’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से डेटा संधारण और निगरानी प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया गया है।

इस डिजिटल व्यवस्था के चलते मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समय पर निगरानी, उपचार और फॉलो-अप को बेहतर बनाया गया है, जिससे राज्य में शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

राज्य नेतृत्व और टीम की सराहना

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने इस उपलब्धि को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार नवाचार के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। इस अवसर पर आईईसी राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. राहुल किशोर सिंह सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और यूनिसेफ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

SKOCH अवार्ड: नवाचार और सुशासन का राष्ट्रीय मंच

SKOCH Award को भारत में सुशासन, डिजिटल नवाचार और सामाजिक-आर्थिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने वाले प्रतिष्ठित मंच के रूप में जाना जाता है। इसकी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और कठोर माना जाता है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।