एनक्यूएएस प्रमाणन में झारखंड की बड़ी छलांग, 2% से बढ़कर 55.65% हुआ प्रमाणन

रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। राज्य में एनक्यूएएस प्रमाणन, जो पहले करीब 2 प्रतिशत था, बढ़कर 55.65 प्रतिशत हो गया है।

एनएचएम के अनुसार यह उपलब्धि लगातार मॉनिटरिंग, क्षमता निर्माण, गुणवत्ता सुधार गतिविधियों और स्वास्थ्य संस्थानों को तकनीकी सहयोग देने के परिणामस्वरूप हासिल हुई है। इसे झारखंड में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित, रोगी-केंद्रित और मानकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।

प्रमाणन का दायरा बढ़ाने के लिए राज्य और जिला स्तर पर कई रणनीतियां अपनाई गईं। स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित इंटरनल असेसमेंट, गैप असेसमेंट, सपोर्टिव सुपरविजन, मेंटोरिंग और हैंडहोल्डिंग के जरिए कमियों को चिन्हित कर दूर किया गया। सक्षम पोर्टल पर आवेदन और प्रगति की नियमित समीक्षा के साथ जिला गुणवत्ता आश्वासन इकाइयों के समन्वय से गुणवत्ता सुधार कार्ययोजनाओं को लागू किया गया।

इस दौरान रोगी सुरक्षा, संक्रमण रोकथाम एवं नियंत्रण, पेशेंट सेटिस्फैक्शन सर्वे, आउटकम इंडिकेटर्स, स्वास्थ्य कर्मियों की ट्रेनिंग, गैप क्लोजर और क्वालिटी इंप्रूवमेंट एक्शन प्लान जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। कायाकल्प और मुस्कान जैसे गुणवत्ता सुधार कार्यक्रमों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया।

एनएचएम के अनुसार एनक्यूएएस प्रमाणन में 2 प्रतिशत से 55.65 प्रतिशत तक की प्रगति किसी एक इकाई की उपलब्धि नहीं है। इसमें स्वास्थ्य विभाग, एनएचएम झारखंड, राज्य और जिला गुणवत्ता आश्वासन इकाइयों, चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मियों और स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़े अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ का जोर केवल प्रमाणन हासिल करने पर नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों में सतत गुणवत्ता सुधार की संस्कृति विकसित करने पर है। आने वाले समय में अधिक से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को एनक्यूएएस के दायरे में लाने और मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही गई है।

इस उपलब्धि पर आईईसी के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. राहुल किशोर सिंह ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस प्रमाणन में हुई इस प्रगति से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ और बेहतर तरीके से मिल सकेगा।

झारखंड में 30 सितंबर से डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव, रोबोटिक सर्जरी और AI तकनीक पर होगा फोकस
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और डिजिटल हेल्थ सिस्टम विकसित करने के उद्देश्य से 30 सितंबर से…

झारखंड की सांस्कृतिक पहचान ‘मांदर’ को मिला GI टैग
निर्मल सिंह गुमला: झारखंड की पारंपरिक वाद्ययंत्र और सांस्कृतिक पहचान मांदर को भौगोलिक संकेतक (GI) पंजीकरण मिल गया है। गुमला से शुरू…
















