20251120 211104

दिल्ली दरबार में झारखंड की मजबूत दस्तक : मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अल्पसंख्यकों की हिस्सेदारी पर गंभीर चर्चा

नई दिल्ली : झारखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मंत्री डॉ. अंसारी ने झारखंड के पारंपरिक बुनकरों द्वारा हाथ से तैयार किया गया खूबसूरत सॉल राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेंट किया, जिसे खड़गे ने बड़ी आत्मीयता से स्वीकार करते हुए बुनकर समुदाय की कला की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद पैदा हुई नई राजनीतिक स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. अंसारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया कि बिहार में अल्पसंख्यक, दलित एवं अन्य वर्गों का मतदान अपेक्षित रूप से एकजुट नहीं हो पाया। साथ ही एम-ओबीसी वर्ग द्वारा मुस्लिम वोटों में सेंधमारी की गई और अब उनकी नजर झारखंड पर भी है। उन्होंने चिंता जताई कि युवाओं एवं पिछड़े मुस्लिम समाज में कुछ ताकतों की बढ़ती पैठ झारखंड के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।

इस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने डॉ. अंसारी को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा “अपने समाज, युवाओं और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करें। उनके बीच मजबूत उपस्थिति बनाएं और पूरी ईमानदारी से उनके हितों के लिए काम करें। जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी यही कांग्रेस का सिद्धांत है और रहेगा।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने अल्पसंख्यक एवं कमजोर वर्गों के साथ निष्पक्ष एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के साथ-साथ हर स्तर पर उनकी उचित भागीदारी पर जोर दिया। जवाब में डॉ. इरफान अंसारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि “झारखंड में हर समुदाय का पूरा सम्मान होता है। अल्पसंख्यक समाज में यदि कहीं कोई नाराजगी है तो उसे दूर करने और हर विभाग में सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाए जाएंगे।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने डॉ. अंसारी के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की भरपूर सराहना की और कहा “आप जिस मेहनत और लगन से काम कर रहे हैं, उससे झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन हो रहा है। इसी तरह आगे भी जनसेवा करते रहें।”

बैठक के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड के बुनकर समाज की स्थिति पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए निर्देश दिया कि “बुनकरों की वास्तविक स्थिति का विस्तृत सर्वे कराया जाए और उन्हें आर्थिक-सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ कांग्रेस संगठन से मजबूती से जोड़ा जाए।”

डॉ. अंसारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके प्रेरणा से मनोबल और बढ़ गया है और वे जनता की सेवा में पहले से कहीं अधिक ऊर्जा के साथ जुटे रहेंगे।

Share via
Share via