झारखंड में आयोजित होगी पहली कॉमनवेल्थ खो-खो चैंपियनशिप-2026, मुख्यमंत्री ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

झारखंड में आयोजित होगी पहली कॉमनवेल्थ खो-खो चैंपियनशिप-2026, मुख्यमंत्री ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

Share
Link copied

रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड विधानसभा परिसर में भारतीय खो-खो महासंघ (KKFI) तथा कॉमनवेल्थ खो-खो महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 9 से 14 मार्च 2026 तक रांची में आयोजित होने वाली प्रथम कॉमनवेल्थ खो-खो चैंपियनशिप के आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग और समर्थन का आश्वासन दिया।

यह चैंपियनशिप झारखंड की धरती पर आयोजित होने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता होगी। इसमें कॉमनवेल्थ के 23 देशों के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस आयोजन से झारखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से सुधांशु मित्तल, अध्यक्ष, कॉमनवेल्थ खो-खो महासंघ, एम. एस. त्यागी, अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सचिव और उपकार सिंह विरक, महासचिव शामिल रहें।

झारखंड राज्य खो-खो संघ की ओर से विधायक मथुरा प्रसाद महतो (महासचिव), संरक्षक विधायक सी. पी. सिंह, चेयरमैन संतोष प्रसाद, महासचिव नवीन कुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल, संयुक्त सचिव आलोक कुमार, डॉ. सुभाष साहू, रोहित कुमार सिंह, रांची जिला सचिव सुनील कुमार यादव, रवि मुंडा, मोनू शुक्ला, अमित कुमार यादव एवं तपन राउत आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को झारखंड के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए कटिबद्ध है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से राज्य के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow