traders-protest-against-rising-crime-golmuri

गोलमुरी में बढ़ते अपराध के खिलाफ व्यापारियों का विरोध, बाजार बंद का आह्वान

Share
Link copied

जमशेदपुर। गोलमुरी बाजार क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था से नाराज व्यवसायियों ने बाजार बंद का आह्वान किया है। व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने और हालिया घटनाओं में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से बाजार में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। इसका सीधा असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। व्यवसायियों के मुताबिक, 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया। इसके अगले ही दिन बाजार की प्रतिष्ठित आरती ज्वेलर्स में चोरी की घटना सामने आई। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता और बढ़ा दी है।

Advertisment
Advertisment

व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की बैठक

शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर गोलमुरी बाजार में व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को सुना गया।बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी, शिवशंकर सिंह, दिनेश कुमार और पप्पू उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी मौजूद रहे।

Advertisment
Advertisment

पुलिस गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग

व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की। इसके अलावा हाल में हुई आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की गई। व्यापारियों का कहना है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो वे आगे बड़े आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

‘राजनीतिक नहीं, सुरक्षा का मुद्दा’

व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित बाजार बंद का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं है। उनका कहना है कि यह कदम व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।व्यापारियों के अनुसार, सुरक्षित माहौल के बिना व्यापारिक गतिविधियां और आम जनजीवन दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए प्रशासन को गोलमुरी बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

RKDF
advertisement

 

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।