फुटबॉल मैच के दौरान मैदान पर गिरे खिलाड़ी कजरा मुर्मू की मौत, बेटे के साथ खेल रहे थे मैच

बोकारो: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के अरमो पंचायत स्थित डीवीसी पुनर्वासित नया बस्ती गांव में शुक्रवार रात डे-नाइट ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मैच खेलते समय 40 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी कजरा मुर्मू अचानक मैदान पर गिर पड़े। साथी खिलाड़ी उन्हें तत्काल डीवीसी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना रात करीब 10:30 बजे की बतायी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में शुक्रवार रात हांसदा इलेवन और टुडू बीबीआर के बीच दूसरा मुकाबला खेला जा रहा था। इसी दौरान आईईएल गोमिया के खंभरा निवासी कजरा मुर्मू गेंद पास लेने के दौरान अचानक मैदान पर गिर गए। काफी देर तक उनके नहीं उठने पर साथी खिलाड़ियों और उनके बेटे ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

इस मैच में कजरा मुर्मू अपने बेटे निखिल मुर्मू के साथ एक ही टीम से खेल रहे थे। कजरा ने 4 नंबर की जर्सी पहन रखी थी, जबकि निखिल 11 नंबर की जर्सी में मैदान पर थे। अस्पताल में ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने जांच के बाद कजरा को मृत घोषित कर दिया। पिता की अचानक मौत से उनका बेटा निखिल गहरे सदमे में है। घटना की जानकारी मिलते ही आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को तत्काल रद्द कर दिया। बजरंग क्लब और आयोजन समिति के सदस्यों ने कजरा मुर्मू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

आयोजन समिति के संरक्षक सह सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव ने कहा कि कजरा मुर्मू प्रतिभावान खिलाड़ी थे और टूर्नामेंट के आयोजन में उनका मार्गदर्शन मिलता रहा था। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्षों में यह टूर्नामेंट कजरा मुर्मू की स्मृति में आयोजित किया जाएगा। साथ ही इस वर्ष निर्धारित एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि उनके परिजनों को देने की बात कही।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना के एएसआई भागीरथ महतो डीवीसी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया विकास सिंह, मंजूर आलम और भाजपा नेत्री सीमा देवी भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।

उत्तरी कोयल मुख्य नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
पलामू: हैदरनगर थाना क्षेत्र के कोसीआरा गांव के समीप उत्तरी कोयल मुख्य नहर से शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद…

एमपी-छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन, यूपी की ओर बढ़ेगा; अगले 12 घंटे में कमजोर होने के संकेत
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन शनिवार सुबह भी सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)…
















