IFWJ की पहल से पत्रकार के परिजन को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना से मिली 10 लाख रुपये की सहायता

रांची। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की झारखंड इकाई की पहल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे पत्रकार के परिजन को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण प्रसाद ने इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया में परिवार की मदद की।

जानकारी के अनुसार, बीबीसी न्यूज के पत्रकार नीरज कुमार मिश्रा के रिश्तेदार रणधीर कुमार मिश्रा दोनों गुर्दे खराब होने के कारण गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनका इलाज वेल्लोर में चल रहा है। इलाज के दौरान परिवार पहले ही बड़ी राशि खर्च कर चुका था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे का इलाज जारी रखना मुश्किल हो गया था।

परिवार की परेशानी की जानकारी मिलने के बाद IFWJ झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष भारत भूषण प्रसाद ने तत्काल पहल की। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू करवायी। आवेदन से लेकर आवश्यक दस्तावेज और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा कराने में भी उन्होंने सहयोग किया।
IFWJ की पहल और प्रयासों के बाद रणधीर कुमार मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता राशि निर्गत हुई। इससे परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली है और इलाज को आगे जारी रखने की उम्मीद जगी है।
भारत भूषण प्रसाद ने कहा कि पत्रकारों और उनके परिजनों के हितों की रक्षा करना संगठन की जिम्मेदारी है। संकट की घड़ी में पत्रकार परिवारों के साथ खड़ा रहना IFWJ का दायित्व है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी पत्रकारों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास करता रहेगा।
IFWJ झारखंड के कई सदस्यों ने भारत भूषण प्रसाद की इस पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया और शुभकामनाएं दीं।
















