JPSC कथित अनियमितता मामला: रांची और लखनऊ से 5 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 19 की हुई गिरफ्तारी

रांची: JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता और धोखाधड़ी के मामले में CID की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रांची और उत्तर प्रदेश के लखनऊ से संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।

CID के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में TDPL से जुड़ा एक कर्मचारी समेत अन्य लोग शामिल हैं। रांची और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने डिजिटल उपकरणों सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों पर परीक्षा में कथित रूप से धोखाधड़ी करने और अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने का आरोप है।


CID ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सबूतों की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


गौरतलब है कि JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर राज्यभर में छात्रों का आंदोलन जारी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग लगातार उठाई जा रही है। वहीं, CID का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















