जोकबहार में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर अहम बैठक, 16 जुलाई को निकलेगी रथ यात्रा

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा एवं सलडेगा में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय धार्मिक मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को जोकबहार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया दुर्गा मुंडा ने की। बैठक में सलडेगा देवी गुड़ी समिति और जोकबहार श्री जगन्नाथ मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित की जाएगी। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निर्णय के अनुसार, 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को सुबह 10 बजे भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा मेला स्थल के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे जोकबहार स्थित मेला स्थल से रथ यात्रा सलडेगा स्थित देवी गुड़ी (मौसीबाड़ी) के लिए रवाना होगी। जोकबहार में रथ यात्रा का आयोजन अपराह्न 3 बजे तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में बताया गया कि भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु नौ दिनों तक सलडेगा देवी गुड़ी स्थित मौसीबाड़ी में विराजमान रहेंगे। इसके बाद 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को बहुदा यात्रा के तहत दोपहर 12 बजे भगवान पुनः मौसीबाड़ी सलडेगा से जोकबहार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे।
आयोजन की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पूजा-अर्चना, मेले के संचालन तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने रथ यात्रा और नौ दिवसीय मेले को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया तथा क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
बैठक में अरुण सिंह, प्रदीप सिंह, अमित कुमार केसरी, लक्ष्मी प्रसाद, राकेश कुमार चंचल, दिलीप कुमार महतो, सुरजीत कुमार दत्ता, अशोक कुमार महतो, मुरारी प्रसाद, बलभद्र बड़ाईक, अभय विश्वकर्मा, संतोष सिंह, मेघनाथ सिंह, सुखदेव सिंह, हीरालाल सिंह, हरिहर सिंह देव, कुंज बिहारी सिंह, राजेंद्र सिंह, हरिराम सिंह, लक्ष्मण सिंह, अभिषेक कुमार, रूपेश कुमार, नरेश कुमार मित्तल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

















