खूंटी में ACB की बड़ी कार्रवाई: थाना प्रभारी सपना सुलेखा 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

खूंटी: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), रांची ने खूंटी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अहतु थाना की थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
ACB को हुरलूंग निवासी श्याम कुमार ने लिखित शिकायत देकर बताया था कि उनके खिलाफ दर्ज एक मामले से नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा 4.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
सत्यापन के बाद ACB रांची थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद गठित ट्रैप टीम ने गुरुवार (30 जुलाई) को कार्रवाई करते हुए सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार, आरोपी अधिकारी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।















