major-action-against-cyber-fraud-jamtara

जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार; 13 मोबाइल और 2.20 लाख रुपये बरामद

Share
Link copied

जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के दुधघानी गांव में मनीष कुमार मंडल के घर पर छापामारी की। इसके बाद जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में सिद्धार्थ दत्त के घर पर कार्रवाई की गई।

छापामारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के लटैया निवासी 22 वर्षीय विकास मंडल, सोनबाद निवासी 20 वर्षीय देव दत्त, 19 वर्षीय जयदेव साहनी और 34 वर्षीय सिद्धार्थ दत्त के रूप में हुई है।

RKDF
advertisement

फर्जी APK भेजकर ठगी का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा सिटी और अडानी गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट करने के नाम पर मोबाइल पर फर्जी APK फाइल भेजते थे। उपभोक्ता को APK इंस्टॉल कराने के बाद मोबाइल में मौजूद संवेदनशील और गोपनीय जानकारी हासिल कर कथित तौर पर साइबर ठगी की जाती थी।

इसी तरह यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के ग्राहकों को भी अलग-अलग तरीके से झांसे में लेकर फर्जी APK डाउनलोड कराया जाता था। इसके जरिए बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल करने का आरोप है।

Advertisment
Advertisment

कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का साइबर अपराध से जुड़ा नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ होने की जानकारी सामने आई है। बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच के जरिए पुलिस अब आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों का पता लगाने में जुटी है।

इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 59/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Advertisment
Advertisment

छापामारी अभियान में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अनिल अभिषेक, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

पुलिस अब बरामद 13 मोबाइल और 13 सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के आधार पर साइबर ठगी के अन्य मामलों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में और खुलासा होने की संभावना है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।