धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान पर बड़ी कार्रवाई, वासेपुर स्थित घर पर चला बुलडोजर

धनबाद पुलिस ने फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित उसके आवास को बुलडोजर से ध्वस्त करना शुरू कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
कार्रवाई के समय मौके पर कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अभियान की निगरानी डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने की, जबकि छह थानों की पुलिस बल को तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने मीडिया की आवाजाही पर भी नियंत्रण रखा और कार्रवाई स्थल से निर्धारित दूरी बनाए रखने को कहा। बुलडोजर की मदद से भवन को गिराने की प्रक्रिया पूरी सावधानी के साथ संचालित की गई। पुलिस ने पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई, ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
बताया जा रहा है कि हाल ही में निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित रूप से मिली धमकी के बाद प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज हुई है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

















