मीनाक्षी लेखी बनीं DCCBI की चेयरपर्सन, झारखंड की महिमा उरांव को मिला प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड

आगरा: पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री, पूर्व सांसद एवं सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी ने दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) की चेयरपर्सन के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। आगरा में आयोजित “दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड 2026” समारोह के दौरान उनके नाम की घोषणा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभालने के बाद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वह पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन के साथ दिव्यांग क्रिकेट को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कर्म ही प्रधान है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए हमें अपने कर्म को पूरी ईमानदारी से करते रहना चाहिए, रास्ते अपने आप खुलते चले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा देश के लिए गौरव का विषय है। उन्हें खेल के मैदान के साथ-साथ समाज में सम्मान, अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। DCCBI के अध्यक्ष मुकेश कंचन ने मीनाक्षी लेखी का स्वागत करते हुए कहा कि बोर्ड को एक ऐसी “मां” की जरूरत थी, जो खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, संघर्ष करने और कर्म करने की प्रेरणा दे सके। उन्होंने विश्वास जताया कि मीनाक्षी लेखी के मार्गदर्शन में दिव्यांग क्रिकेट नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे ने भी उनके बोर्ड से जुड़ने पर आभार जताया और कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सरोकारों से दिव्यांग क्रिकेट को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
बोर्ड में मीनाक्षी लेखी के अलावा नीरज अशोक शर्मा को सीनियर वाइस चेयरपर्सन, खालिद अब्बास को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO), नीरज शर्मा, सीए को डायरेक्टर फाइनेंस तथा राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल खिलाड़ी अजीत चंदेला को डायरेक्टर टेक्निकल नियुक्त किया गया। DCCBI की ओर से देश में दिव्यांग क्रिकेट को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। बोर्ड जल्द ही मुंबई में भारत, श्रीलंका और नेपाल के बीच त्रिकोणीय दिव्यांग क्रिकेट श्रृंखला आयोजित करने की दिशा में काम कर रहा है।

आगरा में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड 2026 समारोह में झारखंड की दिव्यांग पारा क्रिकेट खिलाड़ी महिमा उरांव को शानदार प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द ईयर – दिव्यांग वूमेन्स क्रिकेट” अवार्ड से सम्मानित किया गया। महिमा को मिले इस सम्मान से झारखंड के खेल जगत और दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
बोर्ड पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि मीनाक्षी लेखी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम तथा भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम को नई ऊर्जा मिलेगी और देशभर के हजारों दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अवसरों के नए द्वार खुलेंगे।
















