Miracle of nature in Siwan: Woman gives birth to four children simultaneously, crowd gathers to watch

सिवान में कुदरत का करिश्मा: महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, देखने उमड़ी भीड़

Share
Link copied
Miracle of nature in Siwan: Woman gives birth to four children simultaneously, crowd gathers to watch
Miracle of nature in Siwan: Woman gives birth to four children simultaneously, crowd gathers to watch

सिवान: बिहार के सिवान जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के बड़हरिया-झुनापुर हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इस अनोखी घटना के बाद अस्पताल में चारों बच्चों को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों का इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, सिवान जिले के मैरवा प्रखंड के अकोल्हि गांव निवासी मनोज यादव की पत्नी सुनीता देवी ने बीते मंगलवार को एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल थे। हालांकि जन्म के कुछ देर बाद एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल दो बेटे और एक बेटी स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

पहली डिलीवरी में चार बच्चों का जन्म

बच्चों के पिता मनोज यादव ने बताया कि यह उनकी पत्नी की पहली डिलीवरी थी। उन्होंने कहा कि परिवार को इस बात की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि एक साथ चार बच्चे होंगे। उन्होंने बताया, “भगवान को यही मंजूर था। एक बच्चे की हालत जन्म के कुछ समय बाद खराब हो गई थी। उसे दूसरे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बाकी दो बेटे और एक बेटी पूरी तरह स्वस्थ हैं।”

डॉक्टर भी हुए हैरान

निजी अस्पताल की डॉक्टर श्वेता रानी ने इस घटना को कुदरत का करिश्मा बताया। उन्होंने कहा कि एक साथ चार बच्चों का जन्म बेहद दुर्लभ मामला है। डॉ. श्वेता रानी ने फोन पर बताया, “हम लोग भी काफी हैरत में हैं। एक साथ चार बच्चों का जन्म होना बहुत दुर्लभ है। सबसे खुशी की बात यह है कि चार बच्चों को जन्म देने के बाद भी महिला पूरी तरह स्वस्थ है। डॉक्टरों और स्टाफ की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है।”

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। अस्पताल में लोगों की भीड़ लगातार पहुंच रही है और हर कोई इस अनोखी घटना को कुदरत का चमत्कार बता रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।