Legal awareness camp organized under 90 day awareness campaign

90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

Share
Link copied
Legal awareness camp organized under 90 day awareness campaign
Legal awareness camp organized under 90 day awareness campaign

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को शहर के महावीर चौक में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं एवं विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कानूनों के प्रति जागरूक करना था।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अन्य पात्र व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, भूमि विवाद, श्रम संबंधी मामलों सहित विभिन्न कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए भी प्राधिकार द्वारा सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या अधिकारों के हनन की स्थिति में वे बिना झिझक जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें।

कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच कानूनी जानकारी से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और कानूनी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों और आम लोगों के बीच शीतल पेयजल एवं ओआरएस पाउडर का वितरण भी किया गया। लोगों को गर्मी से बचाव, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम से आमजन को अपने अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी मिलती है, जिससे उन्हें काफी लाभ होता है। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मी, पारा लीगल वोलेंटियर एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।