कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP)से भारत को अस्थिर करने की साजिश: केरल BJP अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर का बड़ा खुलासा,
डेस्क : केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने हाल ही में चर्चा में आए सोशल मीडिया अकाउंट ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंद्रशेखर ने दावा किया है कि यह अकाउंट भारत को अस्थिर करने के लिए सीमा पार से चलाया जा रहा एक सुनियोजित अभियान है।
सोशल मीडिया और एआई के जरिए साजिश
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर CJP के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि मौजूदा दौर में एआई (AI) और सोशल मीडिया का इस्तेमाल जनमत को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इसे देश में अस्थिरता पैदा करने का एक “खतरनाक और प्रभावी तरीका” बताया। BJP नेता के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जिस तरह से आर्थिक महाशक्ति बनकर उभर रहा है और आधुनिकीकरण की ओर बढ़ रहा है, उससे कई विदेशी शक्तियां असहज हैं।
विपक्ष पर मिलीभगत का आरोप
इस पूरे मामले पर हमलावर होते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि इस अभियान को सीमा पार से कुछ विपक्षी नेताओं की मदद से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “कोई कॉकरोच, कोई तुच्छ विपक्षी नेता या कोई विदेशी निहित स्वार्थ, ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पटरी से नहीं उतार सकता।”
CJP अकाउंट पर बैन, फिर भी सक्रिय
बता दें कि विवादों में रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के एक्स अकाउंट पर बीते गुरुवार को भारत सरकार द्वारा प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि, प्रतिबंध के कुछ ही समय बाद ‘कॉकरोच इज बैक’ (Cockroach is back) नाम से एक नया हैंडल उसी टैगलाइन “कॉकरोच मरता नहीं है” के साथ फिर से सक्रिय हो गया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मोदी सरकार के नेतृत्व पर भरोसा
राजीव चंद्रशेखर ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को कई चुनौतियों से बाहर निकाला है और भारत को एक सुरक्षित और सक्षम राष्ट्र बनाया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे दुष्प्रचार और अस्थिरता पैदा करने वाली ताकतों के प्रति सचेत रहें।


















