पलामू में लापता बुआ-भतीजी बरामद, पिता की डांट से नाराज होकर छोड़ा था ।
पलामू के चैनपुर से लापता 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने भीमगड़ा से सकुशल बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में डांट से नाराज होकर घर छोड़ने की बात सामने आई।
पलामू: चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध से लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों घर से लकड़ी चुनने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही चैनपुर पुलिस ने दोनों बच्चियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर खोजबीन और छापेमारी शुरू की। इलाके में कई तालाब होने के कारण पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की मदद से तालाबों में भी तलाशी अभियान चलाया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चियां सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा इलाके में देखी गई हैं। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम भीमगड़ा पहुंची और दोनों को सकुशल बरामद कर लिया।

डांट से नाराज होकर घर से निकली थीं दोनों
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों बच्चियां घरेलू काम को लेकर परिजनों की डांट से नाराज थीं। इसी नाराजगी में उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पहले ट्रेन से लातेहार पहुंचीं। कुछ समय वहां रहने के बाद जब उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए तो वे वापस लौट आईं और बाद में भीमगड़ा इलाके में रहने लगीं।

पुलिस ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद करने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें परिवार के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

स्कूली वाहनों पर प्रशासन सख्त, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई; 7 दिन की मोहलत, फिर चलेगा विशेष जांच अभियान
छात्रों के एक्ससीडेंट के बाद जमशेदपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त । स्कूल वैन, ऑटो समेत स्कूली वाहनों…

मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति में देरी पर बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र
रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति अब तक लंबित रहने और राज्य सूचना आयोग का…

















