मां ने अस्पताल चलने को कहा तो भड़का बेटा, लकड़ी की कुंदी से वार कर हत्या का आरोप, तीन दिन कमरे में पड़ा रहा शव

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र की काशिदा न्यू कॉलोनी में मां की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके छोटे बेटे को हिरासत में लिया है। आरोप है कि अस्पताल चलने की बात को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपनी 56 वर्षीय मां उमा गोस्वामी के सिर पर लकड़ी की कुंदी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया गया। करीब तीन दिन बाद सोमवार रात घर से तेज दुर्गंध आने पर घटना का खुलासा हुआ।

उमा गोस्वामी घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थीं। वह अपने छोटे बेटे गोवर्धन गोस्वामी के साथ काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित मकान में रहती थीं। उनका बड़ा बेटा गिरधारी गोस्वामी दुमका गांव में रहता है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह उमा ने गोवर्धन से अस्पताल चलने को कहा था। इसी बात पर वह गुस्सा हो गया और घर में रखी लकड़ी की कुंदी से मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उमा की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को एक कमरे में रखकर बाहर से कुंडी लगा दी और खुद दूसरे कमरे में रहने लगा। बताया जा रहा है कि वह सामान्य तरीके से घर से बाहर आता-जाता और खाना-पानी लेकर लौटता रहा।

सोमवार रात घर के आसपास तेज दुर्गंध फैलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने मृतका की बेटी प्रमिला गोस्वामी को इसकी जानकारी दी। प्रमिला के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति संदिग्ध लगने पर घाटशिला पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों के साथ रात करीब 10.30 बजे काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित घर पहुंची। एक कमरे में बाहर से कुंडी लगी मिली। कमरा खोलने पर उमा गोस्वामी का शव मुंह के बल पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी और वह सड़ने लगा था।

मृतका की बेटी प्रमिला गोस्वामी के लिखित आवेदन पर घाटशिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज कर गोवर्धन गोस्वामी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी की कुंदी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना की बात स्वीकार करने की जानकारी पुलिस की ओर से सामने आई है।

मंगलवार को घाटशिला महिला थाना प्रभारी मंजुश्री कुंकल अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं और शव से संबंधित आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। मृतका के दामाद प्रेम कुमार पटना और राहुल सिंह नरसिंहगढ़ से अस्पताल पहुंचे। अस्पतालकर्मी बासुदेव सीट और समाजसेवी कालीराम शर्मा के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया। करमा पूजा के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


बिहार-झारखंड के 150 लोगों ने 15 देशों में खपाई 250 करोड़ की काली कमाई, आयकर रिटर्न में विदेशी संपत्ति छिपाने का आरोप
बिहार और झारखंड से जुड़े करीब 150 लोगों की विदेशी संपत्ति और बैंक खातों को लेकर आयकर विभाग ने जांच शुरू की…

रूपी सोरेन की तबीयत फिर बिगड़ी, देर रात अस्पताल पहुंचे हेमंत-कल्पना; रांची से बाहर इलाज पर मंथन
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की स्वास्थ्य स्थिति में एक बार फिर गिरावट की खबर है। रांची के हिल…
















