नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में नशा मुक्त भारत अभियान की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को जिला मुख्यालय से की गई। इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान की शुरुआत से पहले उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई और सभी से स्वयं तथा अपने परिवार को नशे से दूर रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आज से पूरे देश में नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत हो रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी कमजोर करती है। इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा, परिवार की आवश्यकताओं और उनके भविष्य पर पड़ता है। इसलिए समाज को नशे के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने की जरूरत है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन जागरूकता रथ, जनसंपर्क कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
















