10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी रास्ता रोको-रेल रोको अभियान, रांची में अल्बर्ट एक्का चौक पर रोड ब्लॉक करेंगे किसान-मजदूर

रांची: केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा और संयुक्त मजदूर संगठनों ने 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रव्यापी ‘रास्ता रोको-रेल रोको’ अभियान चलाने का ऐलान किया है। अभियान को सफल बनाने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य कार्यालय, रांची में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्रेस वार्ता में भाकपा के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक, झारखंड राज्य किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत, सीटू के प्रतीक मिश्रा, निर्माण मजदूर/खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव इम्तियाज खान और जिला सचिव अजय कुमार सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

संयुक्त किसान मोर्चा और मजदूर संगठनों ने बताया कि 10 अगस्त को राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम 4 बजे से 7 बजे तक रोड ब्लॉक किया जाएगा। आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र और नौजवानों के शामिल होने का दावा किया गया है।

झारखंड राज्य किसान सभा के प्रदेश संयोजक भंते जैनेंद्र तथागत ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों और महिलाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों के हित में कानून बना रही है और सार्वजनिक संस्थानों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई गंभीर समस्या बन चुकी है। परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण छात्र-युवाओं में निराशा बढ़ रही है। इसके लिए उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

सीटू के प्रतिनिधि प्रतीक मिश्रा ने केंद्र और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोगों से 10 अगस्त के रास्ता रोको-रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।





















