20250822 172659

झारखंड विधानसभा मानसून सत्र में NDA उठाएगा सूर्या हांसदा एनकाउंटर की CBI जांच सहित कई अहम मुद्दे

रांची: झारखंड विधानसभा के चालू मानसून सत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) कई ज्वलंत और जनहित से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित NDA विधायक दल की बैठक में इन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की, जिसमें जदयू विधायक सरयू राय, आजसू विधायक निर्मल महतो, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान सहित भाजपा के कई प्रमुख विधायक शामिल हुए।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सूर्या हांसदा एनकाउंटर की CBI जांच की मांग

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि सूर्या हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर का मुद्दा NDA के एजेंडे में सबसे ऊपर है। उन्होंने कहा, “भाजपा का स्पष्ट मानना है कि सामाजिक-सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़े आदिवासी कार्यकर्ता सूर्या हांसदा का एनकाउंटर पूरी तरह फर्जी है। परिवार और स्थानीय लोगों की राय है कि उनकी साजिशन हत्या की गई। NDA इस मामले में CBI जांच की मांग पर अडिग है और इसे सदन में पुरजोर तरीके से उठाएगा।”

ध्वस्त कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दे

जायसवाल ने राज्य की JMM-कांग्रेस-RJD गठबंधन सरकार पर कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की बर्बरता और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन चिंता का विषय है। इसके अलावा, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, विशेष रूप से प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं का अभाव, भी NDA के प्रमुख मुद्दों में शामिल है।

विश्वविद्यालय संशोधन बिल पर आपत्ति

NDA ने विश्वविद्यालय संशोधन बिल को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। जायसवाल ने कहा कि यह बिल विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता को खत्म करने और कुलपतियों की नियुक्ति को सरकार के नियंत्रण में लाने का प्रयास है। “यह बिल शिक्षा व्यवस्था को और बर्बाद करेगा। राज्यपाल के अधिकारों को समाप्त करने का सरकार का तानाशाही रवैया अस्वीकार्य है,” उन्होंने कहा।

अटल क्लीनिक का नाम परिवर्तन: अटल जी का अपमान

जायसवाल ने अटल क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लीनिक करने के सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “भारत रत्न और झारखंड निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान झारखंड की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार चाहे तो मदर टेरेसा के नाम पर नई योजना शुरू करे, लेकिन अटल क्लीनिक का नाम बदलना झारखंड का अपमान है।” NDA इस मुद्दे को सदन में पुरजोर तरीके से उठाएगा।

किसानों की समस्याएं और यूरिया कालाबाजारी

NDA ने अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की समस्याओं और यूरिया खाद की कालाबाजारी को भी प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है। जायसवाल ने कहा, “अतिवृष्टि के कारण भदई फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। साथ ही, यूरिया की कालाबाजारी के कारण किसानों को महंगे दाम पर खाद खरीदना पड़ रहा है। NDA इस मुद्दे पर सरकार को घेरेगा।”

विपक्षी विधायकों की सुरक्षा और युवा बेरोजगारी

जायसवाल ने विपक्षी विधायकों और पूर्व विधायकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी गठबंधन के प्रखंड स्तर के नेताओं को बॉडीगार्ड दिए जा रहे हैं, जबकि NDA के पूर्व विधायकों की सुरक्षा हटाई जा रही है। इसके अलावा, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और परीक्षाओं में धांधली जैसे मुद्दों को भी NDA सदन में उठाएगा।

सुदेश महतो को धमकी का मुद्दा

आजसू विधायक निर्मल महतो ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो को मिल रही जान से मारने की धमकियों को गंभीर बताते हुए इसे सदन में उठाने की बात कही। लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने भी सभी मुद्दों को एकजुट होकर सदन में उठाने पर जोर दिया।

Share via
Send this to a friend