जमशेदपुर: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में पंचायत सचिव सुनील महतो की पुलिस कस्टडी में मौत, पत्नी ने लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में गिरफ्तार मालकुड़ी और मटिया माझी पंचायत के सचिव सुनील महतो की पुलिस कस्टडी में इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई। सुनील महतो की पत्नी कनक महतो ने अपने पति को निर्दोष बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कनक महतो ने बताया कि उनके पति को लंबे समय से किडनी और लीवर से संबंधित गंभीर बीमारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील महतो को झूठे आरोपों में गिरफ्तार किया गया था, और गिरफ्तारी के बाद से ही उनका इलाज जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में चल रहा था। आज, 07 जून 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
कनक महतो ने रोते हुए कहा, “मेरे पति निर्दोष थे। उन्हें बिना ठोस सबूत के फर्जी मामले में फंसाया गया। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई। हम प्रशासन से गुहार लगाते हैं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और हमें इंसाफ दिया जाए।”
चाकुलिया प्रखंड की मटियाबांधी पंचायत में 4000 से अधिक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का मामला सामने आया था। जांच के दौरान पंचायत सचिव सुनील महतो और कंप्यूटर ऑपरेटर सपन महतो को पुलिस ने हिरासत में लिया था। आरोप था कि इन दोनों ने नियमों को ताक पर रखकर अन्य जिलों और समुदायों के लोगों के लिए फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए, जिनमें मुस्लिम समुदाय और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के नाम भी शामिल थे। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था, और जांच अभी भी जारी है।

















