झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में छात्रों का शांतिपूर्ण धरना, कुलपति ने मांगों को जायज ठहराया
रांची : टेक्निकल छात्र संघ के बैनर तले झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) के छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर आज कुलपति कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना दिया। अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में जमशेदपुर, रामगढ़, चाइबासा, खूंटी, सिल्ली, धनबाद, भागा, बोकारो और रांची जैसे जिलों से आए दर्जनों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। धरने का कारण डिप्लोमा और बी.टेक के बैकलॉग परीक्षा परिणामों में देरी, विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय पर नोटिस और परिणाम अपलोड न होना, और अन्य प्रशासनिक समस्याएं थीं।
छात्रों को पता चला कि कुलपति डी.के. सिंह किसी आवश्यक बैठक में व्यस्त हैं और कार्यालय में मौजूद नहीं हैं। इसके बाद छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना शुरू किया। सबसे पहले परीक्षा नियंत्रक निर्मला सोरेन और सहायक परीक्षा नियंत्रक ए.पी. कुजूर छात्रों से मिलने पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी। छात्रों का कहना था कि कुलपति के कार्यकाल के दो वर्ष बीतने के बावजूद सेमेस्टर परीक्षाएं समय पर नहीं हो रही हैं। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि कुलपति का ध्यान केवल MOU पर रहता है, न कि परीक्षा और सेमेस्टर की व्यवस्था पर।
कुछ समय बाद प्रभारी कुलसचिव निशांत कुमार ने छात्रों को समझाकर कॉन्फ्रेंस रूम में चर्चा के लिए ले गए। लगभग तीन घंटे बाद कुलपति डी.के. सिंह पहुंचे और छात्रों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। कुलपति ने सभी मांगों को जायज ठहराते हुए परीक्षा नियंत्रक को निर्देश दिया कि सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
छात्रों की प्रमुख मांगें।
डिप्लोमा 3rd सेमेस्टर (2021-24, 2022-25) बैकलॉग परीक्षा परिणाम
दो महीने से परिणाम प्रकाशित न होने से छात्रों को एडमिशन, प्लेसमेंट और सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है। मांग की गई कि परिणाम जल्द प्रकाशित किए जाएं।
वेबसाइट पर परिणाम अपलोड
परिणामों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय पर अपलोड किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे और पैसे की उगाही बंद हो।
रीचेकिंग और स्क्रूटनी के परिणाम में देरी
रीचेकिंग, री-टोटलिंग, RTI और स्क्रूटनी के परिणाम समय पर जारी न होने से बैकलॉग छात्रों को बार-बार फॉर्म भरना पड़ रहा है, जिससे समय और धन की बर्बादी हो रही है। इनके परिणाम जल्द जारी करने की मांग।
बैकलॉग स्पेशल परीक्षा फॉर्म की तारीख बढ़ाने की मांग
सत्र 2021-24 और 2022-25 के बैकलॉग परीक्षा फॉर्म बिना परिणाम घोषित किए भरवाए जा रहे हैं, जिससे छात्रों में असमंजस है। मांग की गई कि फॉर्म की तारीख बढ़ाई जाए।
6th सेमेस्टर बैकलॉग छात्रों को अवसर
सत्र 2022-25 के 6th सेमेस्टर के छात्रों को भी बैकलॉग स्पेशल परीक्षा का फॉर्म भरने का मौका दिया जाए ताकि वे अपने रेगुलर सेशन के साथ पास हो सकें।
एकेडमिक कैलेंडर का पालन
बी.टेक और डिप्लोमा की परीक्षाएं एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार समय पर आयोजित की जाएं और परिणाम समय पर जारी किए जाएं।
कुलपति ने आश्वासन दिया कि डिप्लोमा बैकलॉग फॉर्म की तारीख बढ़ाई जाएगी और जब तक बैकलॉग परिणाम घोषित नहीं होते, कोई नई परीक्षा नहीं होगी। साथ ही, वेबसाइट पर नोटिस और परिणाम जल्द अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
छात्र नेता तुलसी महतो ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्र हित में फैसला नहीं लिया गया तो विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरने में तुलसी महतो, सुमित दास, रिकी, आशीष, सत्यम, रोहित, तारकेश्वर, प्रेम, राहुल, रोशन, अमन, विष्णु, अजय, मोहित, ऋतिक, रूप, चांदनी, कंचन, राधिका, बिट्टू आदि शामिल थे।

















