स्वतंत्रता दिवस 2025: रांची और दुमका में मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक
झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर रांची और दुमका में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए झंडोत्तोलन और अन्य जरूरी कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने पर जोर दिया। रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री और दुमका के पुलिस लाइन में राज्यपाल द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्य सचिव ने समारोह के दौरान राष्ट्रीय गान के समय प्रोटोकॉल के पालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। रांची के मोरहाबादी मैदान में अस्थायी मंच को पूर्व के आकार के अनुरूप बनाने, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने, एलईडी स्क्रीन पर स्पष्ट प्रसारण, आमंत्रण कार्ड की छपाई और वितरण, स्वतंत्रता सेनानियों व महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई व माल्यार्पण, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा, पेयजल, अस्थायी शौचालय, पहुंच पथ की मरम्मत, रंग-रोगन और निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसे कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, समारोह के लाइव टेलीकास्ट और मीडिया के लिए इनक्लोजर निर्माण की व्यवस्था का भी निर्देश दिया गया। ध्वनि विस्तारक यंत्र की जिम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई। विधि-व्यवस्था, अग्निशमन, यातायात और पार्किंग जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी ध्यान देने को कहा गया। परेड के रिहर्सल को समन्वय के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया, जिसमें सीआरपीएफ, जैप, आईआरबी, जिला पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड और एनसीसी की पुरुष व महिला बटालियन शामिल होंगी।
जिलों में होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों के लिए भी पूर्व की तरह व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मुख्य सचिव ने सभी तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि समारोह गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

















