रामगढ़ के नेमरा में CM हेमंत सोरेन से मिले राहुल गांधी, तेजस्वी यादव भी रहे साथ
रामगढ़ : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के दिग्गज नेता शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार के अवसर पर मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नेमरा में शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे थे। खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर से यात्रा संभव नहीं होने पर दोनों नेता सड़क मार्ग से नेमरा पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन को मुखाग्नि दी। इस दौरान कांग्रेस और RJD नेताओं ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़, सोरेन जी ने उनके हक़ और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने भी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनके निधन से झारखंड और भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंतिम संस्कार में कई अन्य प्रमुख नेता और स्थानीय लोग भी शामिल हुए।रांची से नेमरा तक सड़क किनारे समर्थकों ने “शिबू सोरेन अमर रहे” के नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

















