railway-alert-chhath-speed-trains-rajdhani

छठ पर रेलवे अलर्ट: राजधानी से वंदे भारत तक की रफ्तार पर लगेगी लगाम, धनबाद मंडल के 48 संवेदनशील स्थलों पर 20-25 KM की स्पीड से चलेंगी ट्रेनें

Share
Link copied

संध्या और उषा अर्घ्य के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था, रेलवे ट्रैक के आसपास RPF और GRP के जवान रहेंगे तैनात

धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja) के मद्देनजर रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। धनबाद रेल मंडल (Dhanbad Railway Division) के 48 चिह्नित संवेदनशील स्थलों पर ट्रेनों की रफ्तार सीमित रखी जाएगी। इन स्थानों से गुजरने वाली राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) समेत अन्य ट्रेनें 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेंगी।रेलवे की यह व्यवस्था रविवार को संध्या अर्घ्य और सोमवार को उषा अर्घ्य के दौरान लागू रहेगी। रविवार को दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक तथा सोमवार को सुबह तीन बजे से 11 बजे तक विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

रेलवे ट्रैक के आसपास RPF और GRP की तैनाती

दरअसल, चिह्नित संवेदनशील स्थलों के आसपास तालाब और छठ घाट स्थित हैं। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल पटरियों को पार कर घाटों तक पहुंचते हैं। ऐसे में ट्रेन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी खतरे को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (Railway Protection Force-RPF) और राजकीय रेल पुलिस (Government Railway Police-GRP) के जवानों की तैनाती की जाएगी।

गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड पर विशेष निगरानी

गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड के टनकुप्पा, पहाड़पुर, वंशीनाला, गुरपा और बंधुआ स्टेशन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। वहीं हजारीबाग रोड से परसाबाद और कोडरमा के बीच भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

वरीय अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था

धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त अनुराग मीणा ने बताया कि सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी की गई है। सभी चिह्नित स्थलों पर RPF और GRP के अधिकारी एवं जवान तैनात रहेंगे। वहीं, पूर्व मध्य रेलवे (East Central Railway) हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने धनबाद और डीडीयू रेल मंडल समेत अन्य मंडलों के डीआरएम को विशेष सुरक्षा निर्देश दिए हैं। पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह RPF आईजी अमरेश कुमार भी पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

रेलवे की श्रद्धालुओं से अपील

रेलवे ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करने से बचें और घाटों तक पहुंचने के लिए निर्धारित रास्तों का ही इस्तेमाल करें। विशेषकर रात और सुबह के समय कम दृश्यता तथा भीड़भाड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। रेलवे का कहना है कि छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रेल परिचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

ABOUT THE AUTHOR
गोविंद मोदक

गोविंद मोदक

रिपोर्टर

पत्रकार | न्यूज़ रिपोर्टर | मीडिया प्रोफेशनल गोविंद मोदक धनबाद, झारखंड के पत्रकार हैं और उन्हें पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में लगभग 6 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपराध, राजनीति, सामाजिक एवं नागरिक मुद्दों, जनसरोकार और जमीनी स्थानीय खबरों पर रिपोर्टिंग की है। उन्होंने Newz India 24, TV45 Satellite Channel, DHN24, Vande Bharat News, Chanakya News India Jharkhand और Bharatmitra News जैसे मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ कार्य किया है। उनकी पत्रकारिता तथ्यपरक, जिम्मेदार और जमीनी रिपोर्टिंग पर केंद्रित है, जिसमें आम लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना शामिल है। मुख्य विशेषज्ञता: अपराध एवं राजनीतिक रिपोर्टिंग • जमीनी पत्रकारिता • सामाजिक एवं नागरिक मुद्दे • जनसरोकार • प्रभावी संवाद एवं नेटवर्किंग