20251201 150209

कांके में रेस्टोरेंट संचालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कर्ज का बोझ बताया जा रहा कारण

रांची के कांके थाना क्षेत्र के जगतपुरम स्थित कुप्पुस्वामी रेस्टोरेंट के मालिक शंकर नारायण नायर (उम्र करीब 50 वर्ष) ने सोमवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से केरल निवासी शंकर नारायण कई वर्षों से रांची में रहकर रेस्टोरेंट चला रहे थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परिजनों के अनुसार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले और दरवाजा नहीं खोला तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। दूसरे कमरे से झांककर देखा तो शंकर नारायण पंखे से लटके हुए थे। आनन-फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कांके थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

परिजनों ने बताया कि शंकर नारायण पिछले काफी समय से भारी कर्ज में डूबे हुए थे। कारोबार में लगातार नुकसान और कर्ज चुकाने का दबाव उनके ऊपर था, जिसके चलते वह गहरे मानसिक तनाव और डिप्रेशन में थे। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है तथा परिजनों व रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुप्पुस्वामी रेस्टोरेंट दक्षिण भारतीय व्यंजनों के लिए काफी लोकप्रिय था, लेकिन कोरोना काल के बाद से कारोबार पर बुरा असर पड़ा था। क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Share via
Send this to a friend