कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए गठित विभिन्न कोषांगों की हुई समीक्षा बैठक.

कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए गठित विभिन्न कोषांगों की हुई समीक्षा बैठक.

Share
Link copied

आज उपायुक्त की अध्यक्षता में कोविड-19 के रोकथाम हेतु गठित विभिन्न कोषांगों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में समीक्षा के क्रम में सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों से अद्यतन स्थिति के बारे विस्तार से जानकारी ली गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत प्रतिनियुक्त किए गए सभी मजिस्ट्रेट के द्वारा की गई कार्रवाई से सम्बंधित रिपोर्ट प्रतिदिन समर्पित करने का निदेश दिया।

उपायुक्त श्री छवि रंजन ने टेस्टिंग सेल की समीक्षा के क्रम में जांच पर फोकस करने का निदेश दिया। उन्होंने एसडीएम रांची सदर को टेस्टिंग की संख्या में वृद्धि करने का निर्देश दिया। कांटेक्ट ट्रेसिंग सेल की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कोषांग के नोडल पदाधिकारी को कांटेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने का निर्देश दिया। एम्बुलेंस सेल की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि 13 एम्बुलेंस कार्यरत है। 8 की संख्या में मोक्ष वाहन कार्यरत है। उपायुक्त श्री रंजन ने निर्देश दिया कि इन सभी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान होम आइसोलेशन में रहने वाले कोविड मरीजों को मेडिसिन किट का वितरण की समीक्षा की गई। टेली कंसल्टेशन के माध्यम से होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की भी जानकारी लेने के कार्य की भी उपायुक्त ने विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को ससमय मेडिकल किट उपलब्ध कराएं। बैठक के दौरान उपायुक्त ने आईडीएसपी, सैंपल कलेक्शन, डिस्चार्ज मैनेजमेंट, बेड मैनेजमेंट, डेथ मैनेजमेंट, आईईसी आदि सेल के कार्यो की भी समीक्षा करते हुए संबंधित नोडल पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही इसकी मॉनीटरिंग भी की जा रही है। डीडीसी द्वारा लगातार रिफिलिंग स्टेशन में जाकर इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि सदर और रिसालदार सीएचसी से कुछ सिलेंडर रिफिलिंग के लिए आदित्यपुर भेजे गए। उपायुक्त रांची ने निजी अस्पतालों से भी अनुरोध करते हुए कहा कि वह अपने नजदीकी रिफिलिंग स्टेशन पर से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने रामगढ़ और बोकारो के रिफिलिंग स्टेशन से समन्वय स्थापित करने का अनुरोध किया ताकि रांची जिले के रिफिलिंग स्टेशन में दबाव कम हो सके।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow