राज्यसभा चुनाव: एनडीए पूरी तरह एकजुट, परिमल नाथवानी की जीत सुनिश्चित – BJP

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक के बाद पार्टी ने अपनी जीत का दम भरा है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विपक्ष में हताशा और छटपटाहट: नवीन जायसवाल
बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी तरह एकजुट हैं और एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिमल नाथवानी की जीत केवल निश्चित ही नहीं, बल्कि पूरी तरह सुनिश्चित है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए नवीन जायसवाल ने कहा, “कांग्रेस अपनी निश्चित हार को लेकर अभी से छटपटाहट और हताशा में है। जिनके घर शीशे के होते हैं, उन्हें चिंता ज्यादा होती है, और विपक्ष का हाल भी कुछ ऐसा ही है।”
मतदान को लेकर विधायकों को दिया गया मार्गदर्शन
बैठक में आगामी 18 जून को होने वाले मतदान की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नवीन जायसवाल ने बताया कि एनडीए में कई विधायक नए हैं, इसलिए उन्हें वोटिंग की प्रक्रिया, समय और नियमों के बारे में जानकारी दी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 18 जून को सभी विधायक अपने स्वविवेक और अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करेंगे और परिमल नाथवानी तीसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होंगे।
इन नेताओं की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान समेत एनडीए के प्रमुख विधायक और नेता शामिल हुए।
गौरतलब है कि हाल ही में निर्वाचन आयोग द्वारा परिमल नाथवानी के नामांकन को वैध घोषित करने के बाद एनडीए खेमे में भारी उत्साह है, जबकि विपक्षी गठबंधन इसे लेकर लगातार सवाल उठा रहा है।
Also Read
मुख्यमंत्री से नए महाधिवक्ता रोहितश्य रॉय ने की शिष्टाचार मुलाकात
















