झारखंड के नए महाधिवक्ता बने रोहिताश्व राय, राजीव रंजन का इस्तीफा स्वीकार

रांची : झारखंड सरकार के विधि विभाग ने राज्य के नए महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) की नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार, झारखंड के राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिताश्व राय को झारखंड का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अधिसूचना में कहा गया है कि वर्तमान महाधिवक्ता राजीव रंजन द्वारा 14 जून 2026 को दिए गए त्याग-पत्र को राज्यपाल ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। इसके बाद रोहिताश्व राय को उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक झारखंड राज्य का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है।
विधि विभाग की ओर से जारी आदेश पर प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना की प्रतिलिपि राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय, सभी विभागों के प्रधान सचिवों, उपायुक्तों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेज दी गई है।
रोहिताश्व राय झारखंड उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उनकी नियुक्ति को राज्य की न्यायिक और विधिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं राजीव रंजन के इस्तीफे के बाद पिछले कुछ दिनों से नए महाधिवक्ता की नियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग गया है।
















