मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वृहत्त पैमाने पर चलायें जागरूकता अभियान : उपायुक्त.

मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वृहत्त पैमाने पर चलायें जागरूकता अभियान : उपायुक्त.

Share
Link copied

देवघर : आज 13-मधुपुर विधानसभा उप चुनाव, 2021 में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में स्वीप कोषांग के अधिकारियों व कर्मियों के साथ बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि मधुपुर विधानसभा अन्तर्गत शत प्रतिशत मतदाताओं को जागरूक करने हेतु वृहत स्तर पर मतदाता जागरूता कार्यक्रम जिला, प्रखण्ड एवम पंचायत स्तर पर चलाया जाय, ताकि इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को मतदान हेतु प्रेरित किया जा सके।

इसके अलावे बैठक के दौरान स्वीप कार्यक्रम के तहत किये जाने वाले कार्यों की विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी दिनों में स्वीप के तहत आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निदेशित करते हुए कहा कि कोविड नियमों को पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्यक्रमों को इस प्रकार से आयोजित कराये जायें कि उसमें अधिक से अधिक लोगों विशेषकर युवाओं, ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सकें। आगे उपायुक्त ने कहा कि आने वाले समय में मतदाता जागरूकता से संबंधित बैनर-पोस्टर सभी प्रमुख चैक-चैराहों, पर्यटक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले जगहों में लगाये जायें। साथ हीं उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए सभी काॅलेजों में वृहत स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाये जायें, ताकि उक्त कार्यक्रम में युवा मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया जा सके।

इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया गया कि किसी एक सप्ताह को चिन्हित कर महिला मतदाता सप्ताह मनायी जाए एवं उसमें महिलाओं के अभिरुचि वाले विभिन्न कार्यक्रम यथा- मेहंदी प्रतियोगिता आदि करायी जाए। साथ हीं मतदाताओं को जागरूक करने हेतु सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर ई0वी0एम0 का प्रदर्शन करने की तैयारी सुनिश्चित करें। इसके अलावे उन्होंने इलेक्शन विलेज, बुलावा टोली, मतदाता जागरूकता मशाल दौड़ आदि के क्रियान्वयन की भी बात कही। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि मधुपुर विधान सभा उप चुनाव को देखते हुए हम सभी का यह सामुहिक प्रयास होना चाहिए कि दिव्यांग, किन्नर मतदाताओं व महिला मतदाता की भागीदारी मतदान में अधिक से अधिक सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान उन्होंने स्वीप कोषांग के अधिकारियों को संबंधित विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर बेहतर तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।

इस दौरान उपरोक्त के अलावे प्रशिक्षु आईएएस श्री संदीप मीणा, प्रभारी पदाधिकारी स्वीप कोषांग सुश्री मीनाक्षी भगत, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती कनक कुमारी तिर्की, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow