सिमडेगा यातायात पुलिस के सनोज कुमार दास बने 'पुलिस मैन ऑफ द वीक', SP ने किया सम्मानित

सिमडेगा यातायात पुलिस के सनोज कुमार दास बने ‘पुलिस मैन ऑफ द वीक’, SP ने किया सम्मानित

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा जिले में बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए ‘पुलिस मैन ऑफ द वीक’ पुरस्कार के तहत इस सप्ताह यातायात पुलिस में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) सनोज कुमार दास को सम्मानित किया गया। सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक (SP) एम. अर्शी ने सनोज कुमार को उनके उत्कृष्ट टर्नआउट, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।

सिमडेगा पुलिस द्वारा शुरू की गई इस अनूठी पहल का उद्देश्य पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के मनोबल को बढ़ाना तथा उनकी कार्यकुशलता को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह आरक्षी से लेकर सहायक अवर निरीक्षक संवर्ग के कर्मियों में से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी का चयन किया जाता है। चयनित कर्मी को न केवल पुरस्कृत किया जाता है, बल्कि उनकी तस्वीर पूरे सप्ताह जिले के सभी थानों, चौकियों और प्रतिष्ठानों के सूचना पट पर प्रदर्शित की जाती है।

इस पहल का असर इतना प्रभावी रहा है कि सिमडेगा पुलिस की यह योजना अब राज्यव्यापी स्तर पर चर्चा का विषय बन रही है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इस मॉडल को झारखंड के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता है।

SP एम. अर्शी ने कहा, “पुलिस मैन ऑफ द वीक पहल से न केवल हमारे कर्मियों का मनोबल बढ़ रहा है, बल्कि जिले की जनता को भी बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिल रहा है। सनोज कुमार दास जैसे कर्मठ और समर्पित पुलिसकर्मी इस पहल को और मजबूत बना रहे हैं।”

सनोज कुमार दास ने इस सम्मान को अपने कर्तव्य के प्रति और अधिक समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow