सहायक आरक्षी सरिता कुमारी बनीं पुलिस मैन/वूमेन ऑफ द वीक, एसपी ने किया सम्मानित

सहायक आरक्षी सरिता कुमारी बनीं पुलिस मैन/वूमेन ऑफ द वीक, एसपी ने किया सम्मानित

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा जिले में बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिमडेगा एसपी एम. अर्शी द्वारा शुरू किए गए “पुलिस मैन/वूमेन ऑफ द वीक” पुरस्कार के तहत इस सप्ताह सहायक आरक्षी सरिता कुमारी को सम्मानित किया गया। सरिता को उनके उत्कृष्ट टर्नआउट, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया।

एसपी कार्यालय में आयोजित एक समारोह में एसपी एम. अर्शी और डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह ने सरिता कुमारी को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। इस पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह आरक्षी से लेकर सहायक अवर निरीक्षक संवर्ग के पुलिस कर्मियों/पदाधिकारियों का चयन उनकी उत्कृष्ट ड्यूटी और बेस्ट टर्नआउट के आधार पर किया जाता है। विजेता की तस्वीर पूरे सप्ताह जिले के सभी थानों, ओपी और प्रतिष्ठानों के सूचना पट पर प्रदर्शित की जाती है।

एसपी एम. अर्शी ने बताया कि इस पुरस्कार का उद्देश्य पुलिस कर्मियों में लगन और कुशलता के साथ ड्यूटी करने की प्रेरणा देना और उनका मनोबल बढ़ाना है। इससे न केवल पुलिस कर्मियों को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि जिले के नागरिकों को भी बेहतर पुलिसिंग का लाभ प्राप्त हो रहा है। सरिता कुमारी ने अपनी ड्यूटी को पूरे समर्पण और कुशलता के साथ निभाया, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान मिला।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow