सिमडेगा: कोबांग डैम में नहाने गए व्यक्ति की पैर फिसलने से डूबकर मौत, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बरामद किया
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पाकर टांड़ थाना क्षेत्र के कोबांग डैम में नहाने गए एक व्यक्ति की पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद गोताखोरों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान गुमला जिला के भंडरिया थाना क्षेत्र निवासी गोवर्धन राय के रूप में हुई है। मृतक के भाई बृजमोहन राय ने पुलिस को बताया कि गोवर्धन राय रिश्तेदारी में पाकर टांड़ थाना क्षेत्र के ढेवठाटांगर गांव आए थे। नहाने के लिए वे कोबांग डैम गए थे, जहां अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। गहरे पानी के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत हुई, लेकिन गोताखोरों की टीम की मदद से शव को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

















