सिमडेगा बालिका हॉकी टीम महामना हॉकी गोल्ड कप के लिए राजगीर पहुंची
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राजगीर) सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले की बालिका हॉकी टीम ऑल इंडिया स्तर की प्रतिष्ठित महामना हॉकी गोल्ड कप (अंडर-16) में भाग लेने के लिए विश्वप्रसिद्ध राजगीर शहर पहुंच गई है। यह प्रतियोगिता 19 से 21 जनवरी 2026 तक राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार, क्रीड़ा भारती बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और महामना मालवीय मिशन बिहार यूनिट के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जा रही है।
इस टूर्नामेंट में सिमडेगा जिला टीम के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह अंडर-16 इंटर-स्टेट प्रतियोगिता बालक और बालिका दोनों वर्गों में खेली जाएगी, जिसमें समान पुरस्कार व्यवस्था के साथ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वोच्च गोल स्कोरर और फेयर प्ले अवॉर्ड जैसे व्यक्तिगत सम्मान भी दिए जाएंगे।
हॉकी सिमडेगा की टीम नियमित रूप से ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेती है, ताकि खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अनुभव मिले, खेल में निखार आए और दृढ़ता बढ़े। इसी प्रयास का सुखद परिणाम है कि सिमडेगा की कई बेटियां आज देश के लिए हॉकी खेल रही हैं और राष्ट्रीय टीम में जगह बना रही हैं।
सिमडेगा बालिका टीम में अनुभा केरकेट्टा, बैरटिला केरकेट्टा, शिल्पा बड़ा, महिमा कुल्लू, राजमुनी कुमारी, बबली कुमारी, सानिया तिर्की, निशा रानी मिंज, रेशमा कुमारी, रेनू कच्छप, प्रियंका कुमारी, प्रियंका तिर्की, अनुजा सोरेंग, हसीना कुमारी, अनुप्रिया एक्का, अनीशा कुल्लू, रोमिला केरकेट्टा और निर्मला टोप्पो शामिल हैं, वहीं राजू मांझी कोच और कुनूल भेंगरा मैनेजर के रूप में मौजूद हैं।
टीम के खिलाड़ी और पदाधिकारी सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी हैं। सिमडेगा की इन बेटियों से उम्मीद है कि वे इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगी।

















