20260123 212018

सिमडेगा की नन्ही हॉकी परियों का भव्य स्वागत: महामना गोल्ड कप में गोल्ड जीतकर लौटीं चैंपियन बालिका टीम, खुशी के आंसू छलके

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले की अंडर-16 बालिका हॉकी टीम ने बिहार के राजगीर में आयोजित महामना हॉकी गोल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल में गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को 2-0 से हराकर चैंपियन बनी इस टीम का अपनी कर्मभूमि सिमडेगा पहुंचने पर खिलाड़ियों को भावुक करने वाला भव्य स्वागत मिला। घर-आंगन में अपने लोगों से मिले प्यार और सम्मान ने नन्ही परियों की आंखों में खुशी के आंसू छलका दिए। यह पल टीम के लिए गर्व और अद्भुत अनुभूति से भरा रहा।

हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों, कोचों और खिलाड़ियों ने विजेता टीम का फूलों की मालाओं, मिठाइयों और जोरदार तालियों से स्वागत किया। इस अवसर पर पंखरासियूस टोप्पो, कमलेश्वर मांझी, कोच तारिणी कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। हॉकी संघ के जिला अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने टीम को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और कहा, “हमारी राज्य और जिला टीम हमेशा उत्साह से भरी रहती है और जीत हासिल करने में माहिर है। ये बच्चे खेल के प्रति समर्पित हैं।”

मनोज कोनबेगी ने आगे बताया कि कई खिलाड़ी पहली बार जिला से बाहर किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने गई थीं, फिर भी पूरे मैदान में गोलकीपर से लेकर फॉरवर्ड तक सभी ने उम्दा प्रदर्शन किया। विगत 12-13 वर्षों में सिमडेगा की टीम ने ऑल इंडिया स्तर की अधिकांश प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। जनवरी 2025 से अब तक बालिका टीम ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कुल 9 प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिसमें 8 में स्वर्ण और 1 में रजत पदक हासिल किया।

उन्होंने कोच-मैनेजर राजू मांझी और कुनूल भेंगरा को विशेष बधाई दी, जो पहली बार टीम के साथ ट्रेनर के रूप में गए और विजय दिलाई। स्थायी कोच तारिणी कुमारी के बेहतर प्रशिक्षण और कमलेश्वर मांझी द्वारा दी गई आर्थिक मदद का भी आभार जताया। ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों को आगे लाने वाले शिक्षकों और पदाधिकारियों को भी साधुवाद दिया।

टीम में शामिल खिलाड़ी: अनुभा केरकेट्टा, बैरटिला केरकेट्टा, शिल्पा बड़ा, महिमा कुल्लू, राजमुनी कुमारी, बबली कुमारी, सानिया तिर्की, निशा रानी मिंज, रेशमा कुमारी, रेनू कच्छप, प्रियंका कुमारी, प्रियंका तिर्की, अनुजा सोरेंग, हसीना कुमारी, अनुप्रिया एक्का, अनीशा कुल्लू, रोमिला केरकेट्टा, निर्मला टोप्पो।

हॉकी सिमडेगा के सभी पदाधिकारी और खेल विभाग के अधिकारियों ने टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। ये नन्हीं परियां न केवल सिमडेगा बल्कि पूरे झारखंड का गौरव हैं, और इनका उज्ज्वल भविष्य निश्चित दिखाई दे रहा है।

Share via
Share via