सिमडेगा : बारिश में टापू बन जाता है टोंगरी टोली, पुल नहीं होने से तीन महीने तक ठप पड़ जाती है बच्चों की पढ़ाई

Simdega: Tongri Toli turns into an island during the rains.

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा / बानो: मानसून की बारिश जहां किसानों के लिए राहत लेकर आती है, वहीं बानो प्रखंड के गेनमेर पंचायत स्थित टोंगरी टोली के ग्रामीणों के लिए यह मौसम हर साल मुसीबत का कारण बन जाता है। गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले नाले पर पुल नहीं होने के कारण बरसात शुरू होते ही पूरा गांव लगभग टापू में तब्दील हो जाता है। नाले का जलस्तर बढ़ते ही आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है और ग्रामीणों को कई दिनों तक गांव में ही कैद होकर रहना पड़ता है।

Deoghar
Advertisement

गांव के लोगों को बाजार जाने, इलाज कराने, मजदूरी या अन्य जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मजबूरी में लोग उफनते नाले को जान जोखिम में डालकर पार करते हैं। तेज बारिश के दौरान यह रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे गांव का संपर्क बाहरी दुनिया से कट जाता है।

RKDF
advertisement

बच्चों की पढ़ाई पर सबसे बड़ा असर

पुल नहीं होने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है। बरसात के लगभग तीन महीने तक शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंच पाते, जिससे कई दिनों तक स्कूल बंद रहता है। दूसरी ओर, कई बच्चे पानी कम होने पर जोखिम उठाकर नाला पार कर स्कूल पहुंचते हैं। कई बार स्कूल के दौरान अचानक बारिश होने से नाले का जलस्तर बढ़ जाता है और बच्चे विद्यालय में ही फंस जाते हैं। ऐसे समय में अभिभावकों की चिंता बढ़ जाती है क्योंकि बच्चों की सुरक्षित घर वापसी मुश्किल हो जाती है।

Kashmir vastaralay
Advertisment

मरीजों और गर्भवती महिलाओं की बढ़ जाती है परेशानी

बरसात के दिनों में किसी के बीमार होने या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की स्थिति सबसे चुनौतीपूर्ण हो जाती है। नाले में तेज बहाव होने के कारण मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है।

वर्षों से हो रही मांग, समाधान अब तक नहीं

ग्रामीण मीना देवी, जगमोहन सिंह सहित कई अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों का कहना है कि नाले पर पुल निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर साल बरसात में यही हालात बनते हैं, जबकि एक पुल का निर्माण इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।

ग्रामीणों ने की जल्द पुल निर्माण की मांग

टोंगरी टोली के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से अविलंब पुल निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल बनने से न केवल गांव का आवागमन सुचारु होगा, बल्कि बच्चों की शिक्षा, मरीजों की सुरक्षा और ग्रामीणों का सामान्य जीवन भी सुरक्षित हो सकेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

नरेश शर्मा  / सिमडेगा

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now