जालडेगा में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 36 अभ्यर्थियों को मिला लर्नर लाइसेंस

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को जालडेगा प्रखंड में ड्राइविंग एवं लर्नर लाइसेंस (डीएल/एलएल) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 46 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें 37 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल थीं। ऑनलाइन लर्नर लाइसेंस परीक्षा में 36 अभ्यर्थी सफल रहे, जिन्हें लर्नर लाइसेंस जारी किया गया। वहीं 10 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके।

शिविर के दौरान परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभ्यर्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।

इस अवसर पर मोटर वाहन बीमा के महत्व पर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वाहन के लिए वैध थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में बीमा की उपयोगिता, हिट एंड रन मामलों में मिलने वाली सहायता, मोटर दुर्घटना दावा प्रक्रिया तथा समय पर बीमा नवीकरण की जानकारी भी अभ्यर्थियों को दी गई।

परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की।

















