हैवान बना बेटा: बहन से विवाद के बाद पिता की बांस के डंडे से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के रेंगारीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चिडरा टोली गांव में घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। खाना बनाने को लेकर बहन से हुए विवाद के दौरान पिता द्वारा समझाने का प्रयास करना उन्हें भारी पड़ गया। गुस्से में बेटे ने बांस के डंडे से हमला कर पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
बुधवार को डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी रणविजय सिंह ने बताया कि घटना 24 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे की है। आरोपी एक्सन मिंज (25) का अपनी बहन यशवंती मिंज के साथ खाना बनाने को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनके पिता मिखैल मिंज (52) बीच-बचाव करने पहुंचे और दोनों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर एक्सन मिंज ने बांस के डंडे से अपने पिता के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मिखैल मिंज को 25 जुलाई को सदर अस्पताल, सिमडेगा में भर्ती कराया गया, जहां 27 जुलाई 2026 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भतीजे फुलजेम्स मिंज के लिखित फर्दबयान के आधार पर रेंगारीह थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 28 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को मुख्य आरोपी एक्सन मिंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार, 29 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।















