तेज प्रताप यादव ने खेत में की धान की रोपनी, किसानों से की मुलाकात
आरा : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित और हसनपुर से विधायक तेज प्रताप यादव का एक अनोखा अंदाज देखने को मिला, जब वे बिहार के आरा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में धान के खेत में उतरकर रोपनी करते नजर आए। अपनी जन संवाद यात्रा के दौरान तेज प्रताप ने न केवल किसानों और महिला किसानों से मुलाकात की, बल्कि उनके साथ खेत में धान की रोपनी भी की। इस घटना का वीडियो तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
तेज प्रताप ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि आज जिला आरा के शाहपुर विधानसभा जन संवाद यात्रा के लिए जाने के क्रम में रास्ते में रुककर धान फसल की रोपनी करते हुए किसान महिलाओं से उनका हालचाल जाना और साथ ही उनके साथ मैं भी खेत में जाकर धान फसल की रोपनी की। इस दौरान वे सफेद पजामा-कुर्ता और पीली टोपी पहने हुए थे, जबकि कुछ तस्वीरों में वे हाफ पैंट और टी-शर्ट में भी दिखे।
स्थानीय किसानों और महिलाओं ने तेज प्रताप के इस कदम की सराहना की। कई लोगों ने उन्हें “धरती से जुड़ा नेता” करार दिया, जबकि कुछ इसे उनकी नई सियासी रणनीति के रूप में देख रहे हैं। तेज प्रताप ने कहा, “किसानों के साथ मिलकर धान रोपनी करना काफी अच्छा लगा।” उन्होंने शाहपुर में अपनी टीम के कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से किए गए स्वागत का भी जिक्र किया और क्षेत्र में एक इंजीनियरिंग कॉलेज और क्रिकेट स्टेडियम खोलने का वादा किया।
इसके साथ ही, तेज प्रताप ने वैशाली जिले की महुआ सीट से आगामी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उनकी इस जन संवाद यात्रा और किसानों के बीच सक्रियता को बिहार की सियासत में एक नए दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है।

















